करोबारी की गोली मारकर हत्या।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सुपारी देकर हत्या कराने की आशंका
हत्या के पीछे सुपारी किलर की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया है। फुटेज में दिख रहे हमलावर पेशेवर लग रहे हैं। संभव है कि हमलावरों ने पहले अच्छी तरह से रेकी की और फिर सही जगह देखकर वारदात को अंजाम दिया।
डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। संदीप के जानने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों का कहना है कि संदीप का व्यापार बढ़ रहा था। यह कुछ लोगों को खटक रहा था। बताया जा रहा है कि संदीप से रंगदारी भी मांगी गई थी लेकिन उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया था। पुलिस संदीप के पूर्वांचल कनेक्शन के बारे में भी पता लगा रही है।
एसटीएफ ने भी की छानबीन
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ की टीम ने भी वारदात के बारे में जानकारी ली। एक टीम फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है। सूत्रों का कहना है कि बदमाश बाइक से पूर्वांचल की ओर भागे हैं। पुलिस टीम ने रायबरेली रोड पर टोल प्लाजा के कैमरे भी चेक किए हैं। यही नहीं, घटनास्थल के आगे कुछ कैमरों में बदमाश कैद हुए हैं। बाइक नंबर के आधार पर भी बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
जानें पूरा मामला
पीजीआई के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार (40) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। पुलिस की पांच टीमें हमलावरों की तलाश में लगी हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में कुछ लोगों से जमीन और रुपये के विवाद का पता चला है। शक के आधार पर कुछ लोगों को पुलिस ने उठाया भी है और पूछताछ कर रही है।
डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि मूल रूप से जौनपुर के सिकरारा टिकरी गांव निवासी संदीप कुमार मौजूदा समय में पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास किराये के मकान में रहते हैं। उनकी पीएसएस बिल्डर्स नाम से कंपनी है, जिसका कार्यालय कल्ली पश्चिम इलाके में है। वह मोहनलालगंज व रायबरेली हाईवे के आसपास प्लाॅटिंग का काम करते हैं।
बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर पहुंचे। संदीप कार से उतरकर फोन पर बातचीत करते हुए दफ्तर की तरफ बढ़े ही थे कि सफेद गमछा लपेटे एक हमलावर वहां पहुंचा और एक के बाद एक तीन गोलियां मार दीं। एक गोली सीने, एक पेट और एक सिर में लगी। खून से लथपथ संदीप वहीं गिर पड़े।
हमलावर बाइक सवार अपने साथी के साथ रायबरेली रोड की तरफ भाग निकला। विपिन ने कार से उतर कर शोर मचाया। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने की वजह से संदीप की पुलिस से बात नहीं हो सकी। शाम करीब चार बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।