पुलिस महकमे में अफसरों की तैनाती कैसे हो रही है यह कोई नहीं जानता। पिछले दिनों कई जिलों में अपराधिक घटनाएं हुईं तो वहां के अफसरों के हटने के कयास लगाए जाने लगे। लेकिन लंबे मंथन के बाद जब सूची आई तो उसमें भी खामियां ही खामियां नजर आईं।
कई ऐसे जिले जहां हाल के दिनों में अपराध की घटनाएं बढ़ी थीं, वहां के पुलिस कप्तान अपना पद बचाने में कामयाब हो गए। पीएसी की किसी भी बटालियन में सेना नायक का एक ही पद होता है। यूपी में कई वाहिनी पीएसी में कोई सेना नायक नहीं है। लेकिन आधी रात को तबादलो की जो सूची जारी की गई।
उसमें उन्नाव से हटाए गए रोहन पी कनय को चौथी बटालियन पीएसी प्रयागराज भेज दिया गया। यहां आईपीएस सुधा सिंह पहले से सेना नायक के पद पर तैनात हैं। इसी तरह लखीमपुर खीरी से हटाए गए सत्येंद्र कुमार को 23वीं बटालियन पीएसी मुरादाबाद भेजा गया।
मुरादाबाद की 23वीं बटालियन में कुंवर अनुपम सिंह पहले से तैनात हैं। जो अधिकारी पहले से तैनात हैं उनका नाम सूची में नहीं है और उनके स्थान पर नए लोगों को भेज दिया गया।