तीन हजार रुपये वर्ग फीट तक है जमीन
जानकारों ने बताया कि आउटर रिंग के किनारे की आवासीय जमीन की कीमत इस समय करीब तीन हजार रुपये वर्ग फीट तक चल रही है। व्यावसायिक जमीन की कीमत पांच से छह हजार रुपये प्रति वर्ग फीट तक लोकेशन के हिसाब से है।
ऐसे में यदि एलडीए मानचित्र पास करने लगेगा तो आने वाले समय में यहां पर जमीन की कीमतों में और उछाल आएगा। आउटर रिंग रोड के पास एलडीए की ओर आईटी सिटी योजना आ रही है वहां पर भी आवासीय जमीन की कीमत करीब चार हजार रुपये प्रति वर्ग फीट प्रस्तावित है। योजना को पूरी तरह विकसित होने में अभी करीब चार साल समय लगेगा लेकिन योजना के विकसित होते यहां पर जमीनों के दाम और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मानचित्र पास करने की व्यवस्था शुरू की जाएगी
एलडीए के सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि आउटर रिंग रोड के किनारे अभी एलडीए मानचित्र पास नहीं करता है। लोगों की ओर से मांग की जा रही है यहां पर भी मानचित्र पास किए जाएं। ऐसे में विकास को बढ़ावा देने के लिए यह प्रस्ताव बनाया जा रहा है कि मानचित्र को पास किया जाए। इसका प्रस्ताव बोर्ड में लाया जाएगा। यदि बोर्ड मंजूरी देगा तो मानचित्र पास करने की व्यवस्था शुरू की जाएगी।