यूपी बोर्ड के रिजल्ट में इस बार लखनऊ का रिपोर्ट कार्ड कुल मिलाकर खराब ही है। जनपद का एक भी मेधावी प्रदेश की मेरिट में स्थान नहीं बना सका। पास प्रतिशत के मामले में लखनऊ हाईस्कूल में 31वें से 16वें स्थान पर पहुंचा है, लेकिन इंटरमीडिएट में तीसरे से फिसलकर 48वें स्थान पर पहुंच गया।
इंटरमीडिएट में इस साल लखनऊ के 81.17 फीसदी और हाईस्कूल में 92.78 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं। पिंछले साल हाईस्कूल में 89.94 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए थे। इस लिहाज से परीक्षा परिणाम में करीब तीन फीसदी का सुधार आया है। दूसरी तरफ इंटरमीडिएट में बीते साल 90.49 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए थे जबकि इस बार 81.17 फीसदी ही पास हुए हैं। यहां नाै फीसदी की गिरावट आई है।