10 राजकीय विद्यालयों से भरे जाएंगे यूपी बोर्ड परीक्षा के व्यक्तिगत फॉर्म
लखनऊ। व्यक्तिगत छात्रों के लिए यूपी बोर्ड परीक्षा के फॉर्म भरने और पंजीकरण के लिए जिले में 10 राजकीय कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। यहीं से कक्षा 10 और 12 के छात्र बोर्ड फॉर्म के लिए आवेदन कर सकते हैं । इसके अलावा व्यक्तिगत छात्रों के आवेदन कहीं से भी नहीं लिए जाएंगे।
हाईस्कूल के छात्र सभी 10 राजकीय कॉलेजों से आवेदन कर सकते हैं जबकि इंटर के छात्रों के लिए केवल पांच कॉलेजों को ही निर्धारित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने केंद्र जारी कर इसकेनिर्देश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त तक परीक्षा शुल्क जमा कर आवेदन कर सकते हैं जबकि विलंब शुल्क के साथ 16 अगस्त निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि राजकीय उत्तर प्रदेश सैनिक इंटर कॉलेज सरोजनीनगर से हाईस्कल व इंटर के छात्र और छात्राएं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड से केवल हाईस्कूल की छात्राएं, राजीय इंटर कॉलेज हुसैनाबाद से केवल हाईस्कूल के बालक, राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज से केवल हाईस्कूल के बालक, जीजीआईसी सिंगार नगर से केवल हाईस्कूल की बालिका आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार जीजीआईसी मलिहाबाद से हाईस्कूल व इंटर के छात्र और छात्राएं, जीजीआईसी विकासनगर से हाईस्कूल व इंटर के छात्र और छात्राएं, वीरांगना ऊदा देवी जीजीआईसी माल से हाईस्कूल व इंटर के छात्र और छात्राएं, जीजीआईसी गोमती नगर से हाईस्कूल और इंटर के छात्र व छात्राएं और राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज से केवल हाईस्कूल के बालक आवेदन कर सकते हैं।