प्रेसवार्ता में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा।
- फोटो : amar ujala
डॉ. शर्मा ने बताया कि इंटरमीडिएट के 39 विषयों की परीक्षा एक-एक प्रश्न पत्र में होगी। इसके अलावा कृषि भाग-1 व भाग- 2 और 18 भाषाओं के विषयों में परीक्षार्थियों की कम संख्या के कारण इनकी भी परीक्षा एक प्रश्न पत्र में कराई जाएगी। व्यवसायिक वर्ग के 41 ट्रेड में पहले की तरह परीक्षा कराई जाएगी। वहीं, हाई स्कूल में 36 विषयों की परीक्षा एक-एक प्रश्न पत्र में कराई जाएगी।
नकल पर अंकुश से कम हुई परीक्षार्थियों की संख्या
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस वर्ष परीक्षा के दौरान सख्ती की वजह से बोर्ड परीक्षा 2019 में परीक्षार्थियों की संख्या 8,51,270 कम हुई है। 2018 बोर्ड परीक्षा में कुल 66,39,268 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जबकि इस बार 57,87,998 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। व्यक्तिगत विद्यार्थी भी पिछली बार की तुलना में 89,455 कम हुए हैं। 2018 बोर्ड परीक्षा में 1,81,839 व्यक्तिगत विद्यार्थी थे, जबकि इस बार महज 92,384 व्यक्तिगत विद्यार्थी हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों में नकल के लिए टेंडर किए जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने नकल माफिया पर अंकुश लगा दिया है। वर्ष 2019 में परीक्षा में नकल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को निर्धारण ऑनलाइन होगा। ब्लैकलिस्ट स्कूलों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
परीक्षा केंद्र व कक्ष की क्षमता के अनुसार की परीक्षार्थी आवंटित किए जाएंगे। एक संस्था के एक से अधिक स्कूलों को आपस में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्र में वायस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र जीपीएस से लिंक होगा। वहीं, निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए उत्तर पुस्तिकाओं पर कोडिंग की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस व पाठ्यपुस्तकें प्रतिबंधित रहेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दूसरे राज्यों के साथ ही नेपाल, बांग्लादेश समेत अन्य देशों से छात्र नकल के जरिए परीक्षा देने आते थे। परीक्षा में नाम उनका होता था, जबकि परीक्षा केंद्र में सॉल्वर परीक्षा देते थे।
वर्ष 2018 में परीक्षा के दौरान सरकार ने सॉल्वर गैंग पर नकेल कसी है। फिलहाल परीक्षार्थियों को आधार से लिंक करने के साथ ही सॉल्वर गैंग से जुड़े विद्यालयों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं, परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए जरूरत पड़ने पर एसटीएफ व खुफिया एजेंसियों की मदद ली जाएगी।
हाईस्कूल की परीक्षा 7 से 28 फरवरी (14 कार्यदिवस) तक चलेगी जबकि इंटर की 7 फरवरी से 2 मार्च (16 कार्यदिवस) तक। परीक्षाएं दो पाली में सुबह 8 बजे से 11.15 बजे और 2 बजे से 5.15 बजे तक चलेगी। दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट एक ही दिन 30 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। इन परीक्षाओं में करीब 58 लाख छात्र शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने लखनऊ में सोमवार को तारीखों का एलान किया।
पंजीकृत छात्र
हाईस्कूल : 32,03,041
इंटरमीडिएट : 25,84,957
कम हुए परीक्षार्थी
66 लाख से अधिक छात्र पंजीकृत थे बोर्ड परीक्षा में पिछली बार
58 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत हैं इस बार