लखनऊ। यूपी बोर्ड की बुधवार से शुरू हो रही 10वीं व 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा में विद्यार्थियों के साथ प्रशासन की तैयारियों का भी इम्तिहान होगा। राजधानी के 121 परीक्षा केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा।
जिला विद्यायल निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 12 मार्च तक चलने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में बने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से होगी। परीक्षार्थियों की किसी भी परेशानी का तुरंत समाधान किया जाएगा।
राजधानी में कुल 1,03,088 अभ्यर्थी यूपी बोर्ड की परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 51,907 और इंटरमीडिएट के 51,181 परीक्षार्थी हैं। इनकी निगरानी के लिए 121 केंद्र, बाह्य केंद्र और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई है। आठ हजार से अधिक कैमरों से निगरानी के अलावा चार हजार से अधिक कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। कक्ष निरीक्षक के गायब होने पर विभागीय कार्रवाई होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 और दूसरी दोपहर 02 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। संवेदनशील केंद्रों पर प्रशासन विशेष ध्यान देगा।