संगठन मंत्री ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों, स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों तथा उनके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया जाएगा। जबकि 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएंगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस‘ के अवसर पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे। जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरणों को साझा किया जाएगा।
यूपी के लिए तिरंगा विशेष सम्मान का प्रतीक: पंकज चौधरी
इस मौके पर प्रदेश पंकज चौधरी ने कहा राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक यह तिरंगा यूपी के लिए तो विशेष स्थान रखता है, क्योंकि प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर आज़ादी की अंतिम लड़ाई तक इस प्रदेश के वीरों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने शहीदों की याद में और प्रत्येक नागरिक को इस देश के गौरव के साथ जोड़ने के लिए, हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत 2022 में की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी बूथ अध्यक्षों के मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता कम से कम 50-50 घरों को इस अभियान से जोड़े।
पूरी तैयारी के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें: एंटनी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मंत्री एके एंटनी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘ केवल घरों पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा प्रदेश समिति सभी जिलों के साथ सतत संवाद बनाए रखे, तैयारियों की नियमित समीक्षा करें।