लंबे समय बाद भाजपा ने बुधवार की रात 14 और जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इसमें से पांच जिलों में पुराने चेहरों को ही दुबारा मौका दिया गया है। वहीं, गंभीर आरोपों से घिरे फतेहपुर के जिलाध्यक्ष को पार्टी ने हटा दिया बता दें कि पार्टी इससे पहले 70 जिलाध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है। ऐसे में अब 98 जिलों में से 84 जिलाध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है। इस प्रकार वाराणसी समेत 14 जिले बचे हैं जिनके अध्यक्ष की घोषणा होना बाकी है।
प्रदेश भाजपा संगठन चुनाव के अधिकारी डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने बुधवार को 14 जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इनमें आधे यानी सात पिछड़ा वर्ग हैं जबकि छह सामान्य वर्ग के हैं। एक जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति के हैं। अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, फिरोजाबाद जिला, कौशांबी व फिरोजाबाद जिला में पार्टी ने पुराने चेहरों को फिर से जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने फतेहपुर के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को हटा दिया है। उन पर पार्टी में पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के आरोप लगे थे। उनके स्थान पर अन्नू श्रीवास्तव को फतेहपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।