पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के हनी ट्रैप में फंसकर गोपनीय सूचनाएं भेजने वाले फिरोजाबाद की आर्डिनेंस फैक्टरी के कर्मचारी को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। फैक्टरी के चार्जमैन रवीन्द्र कुमार को गुरुवार रात केंद्रीय खुफिया एजेंसी की सूचना पर पकड़ा गया है। वह आईएसआई की महिला एजेंट नेहा शर्मा के झांसे में आकर सूचनाएं भेज रहा था।
एटीएस के एडीजी नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि आगरा के बुंदु कटरा निवासी रवीन्द्र कुमार फिरोजाबाद के हजरतपुर स्थित आर्डीनेंस फैक्टरी में चार्जमैन है। उसके पास से कई संदिग्ध दस्तावेज, एटीएम कार्ड व नकदी मिली है। सूचना मिली थी कि इस फैक्टरी से गोपनीय दस्तावेज चोरी करके आईएसआई की एजेंट को भेजता है।
एटीएस ने सर्विलांस से इसकी जानकारियां जुटाई, जिसके बाद उसे दबोच लिया। पूछताछ में रवीन्द्र कुमार ने बताया कि वह पिछले साल जून में फेसबुक से आईएसआई की एजेन्ट नेहा शर्मा के संपर्क में आया था। नेहा ने पहले उससे दोस्ती की फिर पैसे का लालच देकर फंसा लिया। वह उसे आडियो व वीडियो कॉल करने लगी। उसने कहा कि कि अगर तुम कुछ गोपनीय जानकारियां उपलब्ध करा दोगे, तो मालामाल कर दिया जाएगा।
इस पर ही उसने कई गोपनीय जानकारियां भेजना शुरू कर दिया। वह वाट्सएप पर सूचना भेजने के बाद उसे डिलीट कर देता था। हालांकि तमाम वाट्सएप चैट उसने सुरक्षित रख लिए थे, जो उसके फोन से बरामद हुए हैं। एटीएस आर्डीनेंस के अन्य कर्मचारियों की भूमिका को भी खंगाल रही है। नेहा शर्मा के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।