विधानमंडल के दोनों सदनों में विपक्ष के हमले से निपटने को लेकर मुख्यमंत्री ने भी मंत्रियों के साथ ही भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों को पूरी तैयारी से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। सीएम ने खास तौर से मिल्कीपुर की जीत और महाकुंभ से जुड़े मुद्दे उठने पर उसका सकारात्मक तरीके से जवाब देने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को लोकभवन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में विपक्ष को घेरने की रणनीति पर चर्चा की। मंत्रियों के अलावा भाजपा संगठन और सहयोगी दलों के विधायकों की मौजूदगी में सीएम ने मंत्रियों से कहा कि विपक्ष या सदन के सदस्य द्वारा यदि नियम-51 के तहत सवाल पूछे तो उसका संतोषजनक जवाब दें।
संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने भी मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के सवालों पर संयमित रहने और सदन की गरिमा के मुताबिक बोलने का सुझाव दिया। बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने भाजपा और सहयोगी दल के सभी विधायकों को एकजुट होकर सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने का सुझाव दिया। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सभी सभी मंत्रियों के साथ ही सभी सहयोगी दलों के विधायक भी मौजूद रहें।