मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि यूपी सरकार का बजट पिछले पांच साल में दोगुना हो गया है। 2015-16 में 03 लाख करोड़ का 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में ढाई लाख का बजट "ऊंट के मुंह में जीरा" साबित होता था। यही कारण था कि प्रदेश अर्थव्यवस्था में पिछड़ा हुआ था लेकिन अब यूपी निवेश के लिए सबसे अच्छे प्रदेशों में शामिल है।
उन्होंने बताया, 19 अगस्त को सरकार का 04 वर्ष 05 माह का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस अवधि में प्रदेश का बजट दोगुना हुआ है। आज हम लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का बजट बनाने में सफल हुए हैं। 5 साल पहले सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 10-11 लाख करोड़ थी, आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। 2015-16 में उत्तर प्रदेश देश अर्थव्यवस्था में छठे नंबर पर था और आज दूसरे नंबर पर है। 05 वर्ष पहले तक साढ़े 17 फीसदी रही बेरोजगारी दर आज 5 फीसदी तक आ गई है। योगी ने बताया, हमने प्रति व्यक्ति आय को दोगुना हो गया है। 4 साल में 1 लाख 52 हजार कन्याओं की शादी कराई गई।
पीएम आवास योजना आने के बाद 2017 तक केवल 10 हजार आवास स्वीकृत हुए थे और 2017 के बाद से अब तक 40 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं। साढ़े चार साल में 4.5 लाख सरकारी नौकरियां भी दी गईं हैं। उन्होंने बताया कि, प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल में 2 करोड़ 94 लाख लोगों को विद्युत कनेक्शन दिया गया और 3 करोड़ 94 लाख लोगों को रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। यह सब बिना किसी की जाति व धर्म देखकर किया गया है। हम विकास में किसी से भेदभाव नहीं करते। अनुपूरक बजट में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को आगे बढ़ाते हुए वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ कारिडोर प्रोजेक्ट और 'नव्य अयोध्या' के लिए भी खजाना खोला गया है। सरकार ने कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया। यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल में आमजन की सुरक्षा के लिए काम करने वाले सभी कोरोना योद्धाओं और फ्रंट लाइन वर्करों की भूमिका की सराहना की है। सीएम ने कहा है कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश ने महामारी के बीच जिस तरह एक-एक नागरिक के जीवन और जीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की, उसने एक मिसाल पेश की है। वैश्विक परिदृश्य में अमेरिका और इंग्लैंड जैसे साधन-संपन्न राष्ट्र हों अथवा भारत में सर्वाधिक साधन संपन्न माना जाने वाला राज्य महाराष्ट्र हो या कि सर्वाधिक शिक्षित प्रदेश का तमगा रखने वाला केरल, उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति इन सबसे कहीं बेहतर है। निगरानी समिति और ऑक्सीजन ऑडिट जैसे हमारे मॉडल सर्वत्र सराहे गए हैं। सीएम ने कहा कि महामारी के बीच अपनी नीति, नीयत और नियोजन से वैश्विक पटल पर "दमदार यूपी" उभर कर आया है।
गुरुवार को विधानसभा में सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कोरोना काल की चुनौतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी। कहा कि, बीते 70 साल में हुए यूपी के विकास के दावे की पोल इस महामारी काल में खुल गई। कोरोना आया तो हमारे पास टेस्टिंग के लिए एक लैब तक न थी। पुणे की वायरोलॉजी लैब में टेस्टिंग करानी पड़ी। लेकिन यह सरकार की प्रतिबद्ध कार्यशैली का नतीजा है कि आज हमारी क्षमता 04 लाख टेस्ट हर दिन करने की हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए योगी ने कहा कि कोरोना काल में यूपी के हर एक व्यक्ति के जीवन और जीविका की सुरक्षा की गई। 119 चीनी मिलों का संचालन होता रहा, उद्योग-धंधे चलते रहे। उन्होंने कहा कि कोविड का पहला दौर हो या दूसरा, 15 करोड़ से अधिक लोगों के लिए राशन की व्यवस्था हुई। यही नहीं, कोरोना के कारण निराश्रित हुए बच्चे हों या महिलाएं, सभी के सुखमय जीवन के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए योगी ने कहा आज दुनिया के तमाम संस्थान यूपी मॉडल की सराहना कर रहे हैं, विपक्ष को इस पर गर्व करना चाहिए।
आंकड़े रख बताया, कैसे बेहतर है यूपी
विधानसभा में कोविड के हालात पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राष्ट्रों और राज्यों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए।
● विश्व- पौने 08 अरब आबादी- 21 करोड़ केस-44 लाख से ज्यादा मौत। 89% रिकवरी रेट
● अमेरिका- 33 करोड़ आबादी- 3 करोड़ 80 लाख केस। 06 लाख 41 हजार मौत- रिकवरी 79.73%
● इंग्लैंड- 06.6 करोड़ आबादी-63 लाख केस- 131000 मौत-77.1 फीसदी रिकवरी रेट
● ब्राजील- 24 करोड़ आबादी-02 करोड़ संक्रमित-05 लाख 70 हजार मौत-92.5% रिकवरी रेट
● महाराष्ट्र-12 करोड़ आबादी- 64 लाख लोग संक्रमित 1,39,000 मौत। 96.% रिकवरी रेट
● केरल- 3.46 करोड़ आबादी- 37 लाख संक्रमण- 18,743 मौत। 96.5% रिकवरी रेट
● भारत- 130 करोड़ आबादी- कुल संक्रमण 3.23 करोड़- 4.33 लाख मृत्यु-97.5% रिकवरी रेट
● उत्तर प्रदेश- 24 करोड़- 17.80 लाख संक्रमित- 22783 मृत्यु- 98.6% रिकवरी रेट