आजम खां ने अपने परिवार के साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए कहा कि आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं है। वह अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते। इसके लिए उन्हें रिक्शा तक चलाना पड़ता तो चलाते। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार आयोग के नियमों का उल्लंघन हुआ और उनके परिवार के साथ बहुत ज्यादती की गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मंदिर बनाने वाले एक मुसलमान को सताकर अगर किसी को वोट बढ़ने की उम्मीद है तो वह गलतफहमी में है।
सपा नेता आजम खां ने जेलों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया, उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी कोठरी में दो लोगों को 20 घंटे तक बंद नहीं किया जा सकता। ऐसा खाना नहीं दिया जा सकता, जिसे गली के कुत्ते भी न खाएं। सरकार जेलों की व्यवस्था के लिए इतना पैसा देती है, फिर जेलों के अंदर ऐसा क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सत्ता परिवर्तन हुआ तो जेलों की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। आजम खां ने जेलों में बंदियों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि मानवीय गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
आजम खां ने जेल में रहने के दौरान अपने स्वास्थ्य पर पड़े असर का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने सरेंडर किया था, तब उनका वजन 98 किलो था। अब घटकर 70 किलो रह गया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चोरी, बेईमानी और कमीशन लेने का आरोप नहीं लगा। इसके बावजूद उन्हें जिन मुकदमों और परिस्थितियों से गुजरना पड़ा, वह उनके लिए बेहद पीड़ादायक रहा।
सपा नेता आजम खां ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं हो जाता और न ही कोई साधू बन जाता है। मौलाना होने के लिए मौलवियत की डिग्री और फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके लिए दुआ करने के लिए वह शुक्रगुजार हैं, लेकिन उनका घर चार कदम की दूरी पर था। वह घर भी आ सकते थे। आजम ने कहा कि वह दुआ नहीं, उनके दुश्मनों के लिए दवा थी।