सभी विधानसभाओं में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। संगठन हमारा हर विधानसभा में हैं। सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का निर्णय अंतिम होगा। पंचायत चुनाव में गड़बड़ी नहीं हुई तो ग्राम पंचायतों में कांग्रेस के सबसे अधिक जन प्रतिनिधि चुनाव जीतेंगे। ये बातें मंगलवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सांसद किशोरीलाल शर्मा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रयास किया जा रहा है, अगर इस सरकार ने नहीं बनवाया तो अपनी सरकार में हम इस परियोजना का काम पूरा कराएंगे। इसके पूर्व उन्होंने जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए संबंधित अफसरों को निर्देशित किया। वहीं उन्होंने एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक कर एएसडी सूची में शामिल हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने को निर्देशित किया। इसके अलावा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पात्रों को योजनाओं से जोड़ने व उन्हें लाभांवित कराने की बात कही। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, अनिल सिंह, धर्मेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।
कोडीन सिरप दोषियों पर होनी चाहिए कड़ी कार्रवाई
सांसद किशोरीलाल शर्मा ने कहा कि प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप का मुद्दा बेहद संवेदनशील है। यह सीधे जनता से जुड़ा है। सरकार इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाए और पार्टी से हटकर इसकी निष्पक्ष जांच कराते हुए इस मामले में शामिल सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस मुद्दे पर दिए गए बयान पर कहा कि इस तरह का भाषा उचित नहीं है। राज्य सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।