राजधानी के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को ओपीडी दोपहर 12 बजे (हाफ डे) तक रहेगी, जबकि बुधवार को पूरी तरह से बंद रहेगी। सिर्फ इमरजेंसी में मरीजों को इलाज मिलेगा। वहीं, केजीएमयू में सामान्य दिनों की तरह ओपीडी चलेगी। लोहिया व पीजीआई में नए पंजीकरण नहीं होंगे। पहले से जिन मरीजों के ऑपरेशन व जांच की तारीख मिली है, उन्हें इलाज मुहैया कराया जाएगा।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को ओपीडी का संचालन सामान्य दिनों की तरह होगा। ऑपरेशन के साथ पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी की जांच भी होगी। मेडिकल की कक्षाएं बंद रहेंगी। बुधवार को अवकाश रहेगा। लोहिया संस्थान व पीजीआई में मंगलवार को पुराने मरीजों को ओपीडी में देखा जाएगा। पहले से तय ऑपरेशन व जांच भी होंगे। नए मरीज का पंजीकरण नहीं होगा। लोहिया के प्रवक्ता डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे संचालित होंगी। इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, राम सागर मिश्र, लोकबंधु, डफरिन, झलकारी बाई समेत दूसरे सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को हाफ डे ओपीडी होगी। अस्पतालों में बुधवार को अवकाश रहेगा, लेकिन इमरजेंसी सेवाओं का संचालन होगा।
होली पर जलकल विभाग दोपहर में भी पानी की आपूर्ति करेगा। अभी सिर्फ सुबह और शाम ही पानी की आपूर्ति की जाती है। पेयजल आपूर्ति से जुड़े कर्मचारियोंं के अवकाश भी निरस्त किए गए हैं। कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए गए हैं। इसी तरह सफाई और मार्ग प्रकाश से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर निगम की टीमें लगाई गई हैं।
जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि 4 मार्च को होली के दिन तीन वक्त सुबह पांच से नौ बजे, दोपहर 12 से तीन बजे और शाम पांच से रात नौ बजे तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। जहां आवश्यक होगा, वहां टैंकर भी लगाए जाएंगे। पेयजल आपूर्ति से जुड़े सभी कर्मचारी ड्यूटी पर रहेेंगे। सीवर सफाई से जुड़े कामोंं के लिए निजी कंपनी सुएज इंडिया के कर्मचारी तैनात रहेंगे। नगर निगम ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में तीन व चार मार्च को तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की है। यहां पर 24 घंटे शिकायतें सुनी जाएंगी।
होली के मौके पर उपभोक्ताओं को लगातार बिजली मिले, इसके लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। हेल्पडेस्क भी बनाई है। जानकीपुरम क्षेत्रीय कार्यालय, पुरनिया उपकेंद्र में स्थापित नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, जहां बिजली से जुड़ी कोई भी समस्या आने पर उपभोक्ता सूचित कर सकेंगे।
हेल्पडेस्क पर आने वाली समस्याओं का ये अधिकारी करेंगे निस्तारण
वीपी सिंह, मुख्य अभियंता, जानकीपुरम क्षेत्र, 9415901286
गीता आनंद, अधीक्षण अभियंता, 9453004527
सुबोध झा, अधिशासी अभियंता, 9415901839
अजय कुमार, अधिशासी अभियंता, 9415901128
अक्षय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, 9415901369
मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता, 8004910673
पंकज कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता, 9453007418
अरुण कुमार भारती, अधिशासी अभियंता, 9415901297
सुशील कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता, 9453004714
होली पर मेट्रो सेवाएं दोपहर ढाई बजे से संचालित होंगी। मेट्रो के जनसंपर्क विभाग ने बताया है कि चार मार्च को होली मनाई जाएगी। ऐसे में मेट्रो सेवाएं दोपहर 2:30 से रात 10:30 बजे तक ही संचालित होंगी। आम दिनों में सुबह साढ़े छह बजे से मेट्रो संचालित होती है। होली के बाद अगले दिन से सामान्य रुटीन के अनुसार मेट्रो चलाई जाएंगी।