कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यूपी में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। होली के त्योहार को देखते हुए महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश सहित दूसरे राज्यों से आने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर रोकने के लिए अफसरों ने रविवार को मंथन किया। दूसरे राज्यों से आने वालों से यूपी के लोगों में संक्रमण फैलने की संभावना शून्य करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी बना ली है। हवाई जहाज और ट्रेनों से आने वालों के लिए विशेष दिशा-निर्देश तैयार हो रहे हैं। एडवाइजरी सोमवार को जारी की जाएगी।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिन प्रदेशों में संक्रमण की दूसरी लहर जैसे हालात हैं, वहां से आने वालों को सेल्फ क्वारंटीन रहना होगा। लक्षण दिखने पर आरटीपीसीआर जांच करानी होगी। आरोग्य सेतु एप पर पंजीकृत कराना होगा, ताकि इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर के माध्यम से उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा सके। दस्तक अभियान के दौरान ही बाहर के राज्यों से आने वालों के बारे में जानकारी ली जाएगी। आशा और एएनएम इनके बारे में सूचनाएं एकत्र करेंगी। सर्विलांस टीमें भी आने वालों का डाटा जुटाएंगी।
‘दूसरे राज्यों में कोविड-19 की दूसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। सोमवार को दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।’
- डॉ. डीएस नेगी, महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य