बदमाशों के बारे में जानकारी देते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
प्रतापगढ़ जिले के सराफा कारोबारी के दो कर्मचारियों से तीन हफ्ते पूर्व जिले में हुई 30 लाख रुपये लूट की घटना का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। लूट की साजिश रचने में कारोबारी के एक कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार करके लूटे गए रुपयों में से छह लाख 10 हजार बरामद किए हैं। लूट में शामिल अन्य दो आरोपियों को पुलिस तलाश रही है।
प्रतापगढ़ जिले के सराफा व्यवसाई प्रह्लाद खंडेलवाल के यहां पन्नालाल सोनी निवासी ज्ञानीपुर कोतवाली देहात जिला सुल्तानपुर और संतोष कुमार सोनी पुत्र सालिक राम सोनी निवासी लच्छीपुर बाजार थाना रानीगंज प्रतापगढ़ काम करते हैं। पिछली 28 जनवरी को प्रह्लाद खंडेलवाल ने पन्नालाल सोनी और संतोष सोनी को 30 लाख रुपये देकर दिल्ली से जेवर खरीदने के लिए भेजा था। दोनों कर्मचारी सुल्तानपुर जिले के पयागीपुर के पास पहुंचे और वहां से ई-रिक्शा पर बैठकर अमहट जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश 30 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। पन्नालाल सोनी की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुटी थी।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वाट टीम, सर्विलांस टीम के साथ ही नगर कोतवाल भूपेंद्र सिंह, एसआई उपेंद्र प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस की पूछताछ में पन्नालाल सोनी के बयान में शुरू से ही विरोधाभास पाया गया। पुलिस ने पन्नालाल सोनी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने लूट की घटना कराने का जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने पन्नालाल सोनी के घर से लूटे गए रुपयों में से छह लाख 10 हजार रुपये बरामद कर लिया। एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि पन्नालाल सोनी ने घटना का षडयंत्र रचकर अपने साथी पप्पू व लकी के साथ मिलकर सर्राफा व्यवसायी प्रह्लाद खंडेलवाल निवासी श्यामबिहारी गली थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ के 30 लाख रुपये लूट की घटना दिखाते हुए गबन किया है। लूट में शामिल पप्पू और लकी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
व्यवसायी का पांच लाख रुपये का देनदार था पन्नालाल
सुल्तानपुर। एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि पन्नालाल सोनी पूर्व में अपने मालिक प्रह्लाद खंडेलवाल के साथ धोखाधड़ी कर चुका है और लगभग पांच लाख रुपये का देनदार है। देनदारी के रुपये वापस करने के लिए पन्नालाल ने लूट की साजिश रची।
पुलिस को ऐसे हुआ संदेह
28 जनवरी को हुई 30 लाख रुपये की लूट की घटना के बाद पुलिस को लगातार पन्नालाल पर संदेह था। पुलिस ने क्षेत्र में अपने मुखबिर फैलाए तो पता चला कि पन्नालाल निवासी ज्ञानीपुर के परिवार वालों के घर अचानक खर्चे बढ़ गए हैं और खरीदारी भी बहुत हो रही है।