आयोग के आंकड़े और मुख्यमंत्री के बयान में अंतर
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची और विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आयोग से मिलकर फर्जी वोट बनवा रही है। अखिलेश ने कहा कि आयोग के मुताबिक 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ हिंदू गायब हैं। उन्होंने सवाल किया कि इनमें झूठ कौन बोल रहा है?
अखिलेश ने दावा किया कि फॉर्म-6 में 22 गुना वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक भाजपा फर्जी वोट बनवाने के लिए आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है और इसी वजह से 2.5 करोड़ मतदाताओं के गायब होने की बात को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता मतदाता सूची के काम में लगे हैं और पार्टी इस प्रक्रिया पर नजर रख रही है।
बुलडोजर से मौतों पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने बुलडोजर कार्रवाई के दौरान जान जाने की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में मौत होने पर एफआईआर कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई, जबकि मुख्यमंत्री खुद मामले दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें बाध्य न करे।
उन्होंने ऐसी ही एक घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को मदद न मिलने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि पांच लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने अर्जुनगंज में हुए हादसे के पीड़ितों को भी सरकार से मदद देने और रायबरेली की घटना में कार्रवाई करने की मांग की।
यूपी में 55,584 फर्जी वोटर जुड़वाए गए, बात नहीं सुनी तो आंदोलन करेंगे
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाए जा रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि 55,584 फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन का रूप अपनाएगी।
अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब मतदाता सूची से वोटर गायब हो रहे थे तो एसआईआर क्यों कराया जा रहा था? उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले वोट कम हुए थे, वहां अब फिर मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है। उनके मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में जहां वोट कम हुए थे, वहां दो लाख से अधिक फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं। उन्होंने इसके पीछे भाजपा के लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया।
ड्राफ्ट सूची में डुप्लीकेट विवरण पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने मिल्कीपुर की मतदाता सूची का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें नामों के साथ 'श्री' और 'श्रीमती' लिखा हुआ है। उन्होंने डुप्लीकेट विवरण होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे नाम अब भी ड्राफ्ट सूची में मौजूद हैं।
अखिलेश ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग ट्रांसफर और पोस्टिंग के मामलों पर ध्यान नहीं दे रहा है। उनका आरोप था कि पीडीए वर्ग के लोगों को इस प्रक्रिया में जिम्मेदारी नहीं दी गई।