सपा के रणनीतिकार और यूपी के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बताया कि पांच बड़ी योजनाओं का खाका पेश कर दिया गया है, क्योंकि वर्तमान में ये बजट से बाहर की घोषणाएं हैं। इन पर 81800 करोड़ रुपये सालाना खर्च आएगा। इसमें 50 हजार करोड़ का इंतजाम का स्रोत भी चिह्नित कर लिया है। यूपी में 3 प्रतिशत के बजटीय घाटे के अंदर 64458 करोड़ रुपये सरप्लस है।
10 ग्राम सोना देने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना की तर्ज पर जन्म लेते ही लड़कियों के नाम बैंक में उतनी धनराशि जमा की जाएगी, जो उनके 18 साल के होने तक 10 ग्राम सोना खरीदने लायक हो जाएगी। शेष योजनाओं के लिए भी बजट से धनराशि जुटाना मुश्किल काम नहीं होगा।
अखिलेश यादव ने प्रण पत्र जारी किया।
- फोटो : अमर उजाला
सपा के घोषणापत्र को अर्थशास्त्रियों ने कसौटी पर परखते हुए दावा किया कि एक लाख करोड़ रुपये सालाना की मुफ्त योजनाओं को लागू करने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था बैक गियर में चली जाएगी। घाटे की अर्थव्यवस्था को कर्ज मिलने में अड़चन आएगी और निवेशक छिटक जाएंगे। उनके मुताबिक, यूपी की क्षमता इतनी नहीं कि हर साल एक लाख करोड़ रुपये मुफ्त योजनाओं पर खर्च करे।
मुफ्त बिजली देने पर अर्थशास्त्रियों की राय है कि इससे फालतू खर्च बढ़ेगा। लोग जरूरत से ज्यादा बिजली इस्तेमाल करेंगे। सोलर पैनल लगवाने में भी रुचि नहीं लेंगे। इससे बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त हो जाएगा। वरिष्ठ अर्थशास्त्री मनोज अग्रवाल ने कहा कि सपा के घोषणापत्र में खर्च पर फोकस है लेकिन आय पर नहीं।
अग्रवाल ने कहा कि मुफ्त योजनाओं पर खर्च का सीधा असर पूंजी पर आएगा। जब आप बचत से खर्च करते हैं तो घर हो या राज्य या देश...बजट असंतुलित हो जाता है। खजाना खाली होने लगता है। खाली खजाने और लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था पर वित्तीय संस्थाएं कर्ज देने से कतराती हैं। कर्ज अटका तो विकास पर ब्रेक लग जाएगा और निवेशक छिटक जाएंगे।
एक बड़ी वित्तीय कंपनी में सलाहकार मधुमिता खरे ने 50 करोड़ के ठेकों पर आरक्षण की घोषणा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूपी की ग्रोथ में केंद्र का बड़ा योगदान है। इसलिए डबल इंजन की सरकार को हल्के में नहीं लेना चाहिए। सपा सरकार आने पर घोषणापत्र लागू हुआ तो सिंगल इंजन की सरकार मुफ्त योजनाओं के दम पर चरमरा सकती है।
अर्थशास्त्री महेंद्र पी. सिंह का कहना है कि लंबे समय बाद यूपी रेवेन्यू सरप्लस राज्य हुआ है। यदि मुफ्त योजनाओं (फ्रीबीज) पर ही खजाना खाली कर देंगे तो विकास पर असर आएगा। वित्त विशेषज्ञ आर के तिवारी ने कहा कि यूपी के लिए अगले दस साल बहुत अहम हैं। यूपी को दस खरब डालर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य वर्ष 2030 है लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मुफ्त योजनाएं लागू हुईं तो 20 साल में भी ये लक्ष्य पूरा नहीं होगा।