सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विधान परिषद का चुनाव हारने के बाद अब यूपी के मुख्यमंत्री भी स्वीकार कर रहे हैं कि एसआईआर में वोट कट गए हैं। वह कह रहे हैं कि हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कम हो गए। मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला। यही नहीं सीएम कह रहे हैं कि लाभार्थी लोगों के वोट कम हो गए।
अखिलेश ने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार नाइंसाफी की सारी सीमाएं लांघ गई हैं। भाजपा के अन्याय, अत्याचार और बेईमानी के खिलाफ जनता खड़ी हो रही है। वाराणसी में विधान परिषद के चुनाव में भाजपा की डबल हार हुई है। डबल इंजन की बात करने वाले वाराणसी में डबल जीरो हो गए। भाजपा ने एक बार की हार को नहीं स्वीकार किया, धांधली करने के लिए चुनाव आयोग से मिलकर दोबारा मतगणना कराई, उसमें भी भाजपा की हार हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर मतदाता सूची में धांधली कर रही है। देश की जनता के साथ धोखा कर रही है। अखिलेश ने कहा कि जिनके वोट कटे हैं, उन सभी से मेरी अपील है कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के आंदोलन में शामिल हों, यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त और जुमलों के खिलाफ है।