फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: आपस में हंसी-मजाक करते दिखे अखिलेश और केशव मौर्य, वायरल हुई तस्वीर; पटना एयरपोर्ट पर दोनों थे साथ

Wed, 05 Nov 2025 09:35 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव मौर्य पटना एयरपोर्ट पर एक साथ दिखे। इंटरनेट पर यह तस्वीर वायरल हुई। 
विज्ञापन
एयरपोर्ट पर मिले अखिलेश और केशव। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम केशव मौर्य की एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है। पटना एयरपोर्ट की इस तस्वीर में दोनों नेताओं को हंसते-मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है। यह दोनों नेता बिहार चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंचे हुए थे। राजनीतिक सौहार्द से भरी इस तस्वीर के आने पर इस पर वाह-वाही हो रही है। मालूम हो कि यह दोनों नेता सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। 

विज्ञापन

चारा खाने वाले मौका मिलने पर गरीबों का राशन खा जाएंगे : योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम दिन रोड शो और जनसभाएं कर एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे। कहा, यह चुनाव बिहार को आगे बढ़ाने और अपराध-भ्रष्टाचार के अंधकार को मिटाने वाला है। जो पशुओं का चारा खा गए, वे अब मौका मिलने पर गरीबों का राशन भी खा जाएंगे। बिहार में वर्ष 1990 से 2005 तक अपराधी राज करते थे। अधिकारी डरते थे। जनता पलायन करती थी। बिहार अब लालटेन की धुंधली रोशनी से निकलकर विकास की उजली रोशनी की ओर बढ़ चुका है।

योगी ने राजद व कांग्रेस गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गरीबों के हक पर डकैती डालने वाला, पशुओं का चारा डकारने वाले ये लोग कभी बिहार का हित नहीं कर सकते। इन्होंने बिहार को जंगलराज की ओर धकेला। अपहरण उद्योग चलाया। दंगे भड़काए, नरसंहार करवाए। अब माफिया को गले लगाते हैं। राम द्रोही कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि राम हुए ही नहीं। आरजेडी ने राम रथ रोका, सपा ने राम भक्तों पर गोली चलाई। यूपी की जनता ने जिन लोगों को बार-बार खारिज किया है, वे आज बिहार में आकर कहते हैं कि नाम बदला जा रहा है। अब मोहिउद्दीननगर का नाम अब मोहन नगर करने की दिशा में आगे बढ़ जाइए। ऐसा कार्य कर दीजिए कि गुलामी के अंश समाप्त हो जाएं। हमने फैजाबाद को अयोध्या किया है और इलाहाबाद को प्रयागराज भी कर दिया। उन्होंने लखीसराय से एनडीए प्रत्याशी व बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के समर्थन में भी जनसभा की।

जनसभा में कहा कि यह चुनाव सुशासन बनाम जंगलराज का है। आज जहां एनडीए है, वहां सुशासन और विकास है। जंगल राज और गुंडाराज आरजेडी और कांग्रेस की खानदानी पहचान है। बिहार ने भगवान बुद्ध, महावीर और जयप्रकाश नारायण जैसी विभूतियां दीं, लेकिन जिन लोगों ने इस धरती को लालटेन युग में झोंक दिया, वे अब फिर से सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं।
विज्ञापन

भाजपा के साथ अमीर, इंडिया गठबंधन के साथ गरीब : अखिलेश

अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला
 सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार में दिनारा व ओबरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभाएं कीं। कहा, अमीर व उद्योगपति भाजपा के साथ खड़े है। जबकि गरीब, किसान, नौजवान व महिलाएं इंडिया गठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है। नफरत फैलाकर सामाजिक सद्भाव खराब कर रही है। बिहार को भाजपा के भ्रष्टाचार के पैसों के बंडलराज से बचाना है। भाजपा सरकार में देश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जबसे तेजस्वी यादव ने हर घर युवाओं को नौकरी देने, 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने, माताओं-बहनों को 2500 रुपये हर माह देने की घोषणा की है, तब से भाजपा घबराई है।

उन्होंने कहा कि भाजपाई भ्रष्टाचार के पैसे से सोना खरीद रहे है। इसीलिए सोना महंगा हो गया है। बिहार में राजद की जीत सामाजिक-न्याय और संविधान की जीत होगी। लोकतंत्र, सौहार्द और भाईचारे की जीत होगी। नीतीश कुमार को लेकर अखिलेश ने कहा कि उन्हें अब कोई मुख्यमंत्री नहीं बनाने वाला है। वे भाजपा के सिर्फ चुनावी दूल्हा हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें