26,774 रुपये तक मुंबई की उड़ानों का किराया
ट्रैवल एजेंसी संचालकों के अनुसार, त्योहारों के बाद भी वापसी के लिए टिकटों की बुकिंग तेजी से हो रही है। मांग अधिक होने के कारण किराये में कमी नहीं आई है। उनका अनुमान है कि अगले एक से दो सप्ताह में किराया सामान्य हो सकता है। आम दिनों में लखनऊ से मुंबई का हवाई टिकट पांच से छह हजार रुपये में मिल जाता है, लेकिन फिलहाल यह पांच गुना तक महंगा है। वहीं, दिल्ली का किराया भी सामान्य दिनों के मुकाबले डेढ़ गुना तक बढ़ा हुआ है।
मुंबई, बेंगलुरु का किराया भी आसमान पर
लखनऊ से मुंबई की सीधी उड़ानों में अकासा एयर का किराया 26,774 रुपये तक पहुंच गया है। इंडिगो का टिकट 25,071 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 24,599 रुपये में मिल रहा है। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली सीधी उड़ानों में एयर इंडिया का किराया 8,216 रुपये, इंडिगो का 7,753 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 6,411 रुपये चल रहा है।
बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों में एयर इंडिया का किराया 25,914 रुपये, इंडिगो का 19,750, अकासा एयर का 16,267 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 15,732 रुपये तक पहुंच गया है। लखनऊ से अहमदाबाद की सीधी उड़ानों में एयर इंडिया का टिकट 29,733 और इंडिगो का 24,142 रुपये में मिल रहा है। वहीं, कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान का किराया 7,972 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 15,785 रुपये है।
ट्रेनों में अब भी वेटिंग
त्योहार बाद भी ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए जूझना पड़ रहा है। गोमती एक्सप्रेस में करीब 40 वेटिंग है। तेजस एक्सप्रेस में 13 और शताब्दी एक्सप्रेस में 46, लखनऊ मेल की स्लीपर और थर्ड एसी में वेटिंग क्रमशः 122 और 65 वेटिंग पहुंच गई है। मुंबई रूट की पुष्पक एक्सप्रेस में स्लीपर की 82 और थर्ड एसी की 80 वेटिंग है। अवध एक्सप्रेस और गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति है।