बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती को कांग्रेस परिवर्तन दिवस के रूप में मनाएगी। इस दौरान बहुजन संवाद होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वोटबैंक को अपने खेमे में करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के जन्म दिन से कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग परिवर्तन प्रतिज्ञा संवाद एवं संविधान चर्चा कार्यक्रम चला रहा है। अल्पसंख्यक विभाग और अनुसूचित जाति विभाग की ओर से भी अलग- अलग जिलों में विभिन्न तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
अब कांग्रेस ने 13 मार्च को बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती को समारोहपूर्वक बनाने का फैसला लिया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कांशीराम जयंती समारोह एवं बहुजन संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हिस्सा लेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयंसिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि दलितों, पिछड़ों के हक की लड़ाई को लेकर कांशीराम ने पूरे देश में मुहिम शुरू की थी। उनके न रहने पर बसपा अपने मुहिम से भटक गई है। कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि उनकी मुहिम को आगे बढाया जाएगा। दलित, पिछड़ों को उनका हक दिलाया जाएगा। यही वजह है कि कांग्रेस की ओर से कांशीराम जयंती समारोह को भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। जयंती समारोह में प्रदेशभर से जुड़े नेताओं को आगे के संघर्ष के लिए राहुल गांधी संकल्प भी दिलाएंगे।