छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों से बसों में निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने पर परिवहन निगम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिया। उन्होंने दिल्ली से पूर्वांचल के जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर की शाम और 16 नवंबर की सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में सभी जिलों में समय रहते व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। लखनऊ, वाराणसी, गाजीपुर, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, कानपुर समेत अन्य जिलों के घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा जाए।