मस्तिष्क संबंधी बीमारी के संदेह पर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को अक्सर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। कई जगह एमआरआई की सुविधा और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। मानस मंडल के दूसरे चरण में स्मार्टफोन आधारित कॉग्निटिव स्क्रीनिंग टूल प्रस्तावित है। यह टूल मोबाइल के जरिये याददाश्त, ध्यान और समझने की क्षमता की शुरुआती जांच करेगा। इससे गांव में ही दिमागी समस्या के शुरुआती संकेत वाले लोगों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
इस परियोजना में आठ संस्थान और देश-विदेश के 11 विशेषज्ञ मिलकर भारतीय दिमाग की भाषा पढ़ेंगे। केजीएमयू से डॉ. दुर्गेश कुमार द्विवेदी, डॉ. अनीत परिहार, डॉ. हरदीप सिंह मल्होत्रा और डॉ. प्रीति अग्रवाल शामिल हैं। आईआईटी कानपुर से प्रो. बीबी रतीश कुमार, आईआईटी दिल्ली से डॉ. अनूप और एम्स दिल्ली से डॉ. सेंथिल कुमारन जुड़े हैं। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से प्रो. योगेश राठी, पिट्सबर्ग यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से प्रो. सुधीर पाठक, लाइडेन यूनिवर्सिटी (नीदरलैंड) से प्रो. एंड्रयू वेब और यूनिवर्सिटी ऑफ मिसौरी (अमेरिका) से प्रो. आलोक द्विवेदी भी इसमें शामिल हैं।
अमेरिका, यूरोप और चीन के पास है ब्रेन मैप: अमेरिका, यूरोप और चीन अपने नागरिकों के मस्तिष्क का राष्ट्रीय नक्शा बना चुके हैं लेकिन भारत के पास ऐसा कोई ब्रेन मैप नहीं है। स्ट्रोक, डिमेंशिया, ब्रेन ट्यूमर और मानसिक रोग देश में विकलांगता के प्रमुख कारण हैं। परियोजना से भारतीय मरीजों के ब्रेन स्कैन की तुलना के लिए विदेशी आंकड़ों पर निर्भरता कम होगी।