कोविड जांच केंद्र में कोरोना की जांच करवाते लोग।
यूपी के छह जिले कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं। पिछले कई दिनों से 38 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया है। शुक्रवार को कुल 88 नए पॉजिटिव केस पाए गए हैं। कुल 06 मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में कोविड पॉजिटिविटी की दर 0.04 पहुंच गई है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य के अनुसार प्रदेश सरकार की एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट नीति से प्रदेश के अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, ललितपुर, महोबा, श्रावस्ती कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं। इन सभी जिलों में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। बीते 24 घंटे में 140 लोगों ने कोरोना का मात दी है। साथ ही कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस अब 1339 ही बचे हैं। यूपी कुल सक्रिय मामलों में देश में 19वें पायदान पर है। मरीजों का रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत हो गया है। अब तक 16. 83 लाख से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं।