शासन ने हाल ही में हरदोई समेत 10 जिलों में नवनिर्मित सड़कों की औचक जांच कराई थी। इसमें कई सड़कों के नमूने लैब की जांच में फेल हो गए हैं। यहां निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप नहीं लगाई गई। सूत्रों के मुताबिक, शीघ्र ही कई अभियंताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सड़कों का औचक मुआयना करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत हरदोई में जांच के लिए प्रमुख सचिव, पीडब्ल्यूडी अजय चौहान, सलाहकार वीके सिंह और विभागाध्यक्ष योगेश पंवार ने जांच की। मौके से लगाई गई सामग्री के नमूने भी लिए गए। इसके अलावा बदायूं, मुजफ्फरनगर, कानपुर, बलरामपुर, बस्ती, प्रतापगढ़, गाजीपुर, आजमगढ़ और जालौन में भी गुणवत्ता की जांच की गई।
सभी 10 जिलों में कुल 40 सड़कों की जांच की गई। इसके अलावा प्रत्येक जिले में विशेष मरम्मत के दो प्रस्तावों की भी जांच कराई गई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, अभी तक हरदोई समेत तीन-चार जिलों के नमूने फेल हो चुके हैं। जबकि, शेष जिलों के नमूनों की अभी जांच ल रही है। इनमें से अधिकतर जिलों में जांच में खामियां मिली हैं।