गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके की जांच में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नेटवर्क भी जांच एजेंसियों के रडार पर है। छह नवंबर को हुए विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। अब एजेंसियां इस संगठन के दावे के पीछे की सच्चाई और शहजाद भट्टी के नेटवर्क से उसके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।
दरअसल शहजाद भट्टी का नाम पहले भी यूपी और एनसीआर में सक्रिय मॉड्यूल के मामलों में सामने आ चुका है। एजेंसियों को आशंका है कि स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में जोड़कर उनका इस्तेमाल आपराधिक और आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। ऐसे में जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कहीं चौकी धमाके के पीछे इसी नेटवर्क से जुड़े लोगों का हाथ तो नहीं है। फिलहाल जांच एजेंसी इस बारे में कोई तथ्यात्मक दावा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमाके के पीछे कौन है।