अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पद पर तैनात आईएएस ऑफिसर प्रशांत नागर ने एक सौ एक रुपये का सगुन लेकर दिल्ली की डॉ. मनीषा से शादी कर ली। बिना दहेज की यह शादी लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताते हैं कि इस अनोखी शादी में मात्र 11 बाराती शामिल हुए थे।
जिले के जॉइंट मजिस्ट्रेट पद पर तैनात प्रशांत नागर बेहद मिलनसार व सादगी पूर्ण जीवन व्यतीत करने वाले अफसर हैं। प्रशांत नागर ने बताया कि बचपन में अपने पिता रंजीत नागर द्वारा एक सगी बहन व दो चचेरी बहनों की शादी के दौरान घर में दहेज की चर्चाएं हुआ करती थीं। हमारी बहनों की शादी भी बिना दहेज के ही हुई है। तभी हमने भी दहेज रहित विवाह करने का संकल्प ले लिया था।
वहीं वादा निभाते हुए दहेज रहित विवाह संपन्न कराया और अपने ससुर रमेश भंडारी ने भी सादगी से जीवन और दहेज न देने के विचारों का सम्मान किया। नागर इसके पहले सोहावल के बीडीओ रह चुके हैं।
हरियाणा के फरीदाबाद के निवासी प्रशांत नागर पुत्र रंजीत नागर ने दिल्ली निवासी डॉ मनीषा भंडारी पुत्री रमेश भंडारी से दिल्ली के बुराड़ी मोहल्ला में लड़की के घर में बेहद सादगी के साथ वैवाहिक कार्यक्रम सम्पन्न कराया। इस शादी में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नागर ने कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन किया। बरात में घर वालों के सहित मात्र 11 बराती शामिल हुए।