लखनऊ। महानगर स्थित रिजा गमका (गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल अप्रूव्ड मेडिकल सेंटर एसोसिएशन) केंद्र पर जांच के बाद युवक को बिना रिपोर्ट दिए ही हेपेटाइटिस सी पीड़ित बताकर अनफिट करार दे दिया गया। हालांकि, उसने निजी केंद्र पर जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई।
शुक्रवार को इसकी रिपोर्ट लेकर गमका केंद्र पहुंचे युवक ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। केंद्र ने उसका दोबारा मेडिकल करने से मना करते हुए जमा कराई फीस वापस कर दी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत करते हुए केंद्र पर गलत रिपोर्ट बनाकर वसूली करने का आरोप लगाया है। उसने सीएमओ से शिकायत की बात भी कही है।
गमका के लखनऊ में 15 से अधिक केंद्र हैं। इनमें खाड़ी देशों में काम पर जाने वालों का मेडिकल होता है, जिसमें सात जांचें होती हैं। फिट आने पर ही खाड़ी देश जाने की अनुमति मिलती है।
प्रयागराज निवासी 37 वर्षीय मो. रिजवान को काम करने के लिए कुवैत जाना था। मेडिकल फिटनेस के लिए उन्हें महानगर स्थित रिजा गमका सेंटर अलॉट हुआ। करीब एक माह पहले केंद्र पर उनकी जांच हुई। हालांकि, बिना जांच रिपोर्ट दिए ही उन्हें हेपेटाइटिस सी पॉजिटिव बता दिया गया। इस पर रिजवान ने निजी केंद्र से जांच कराई। यहां हेपेटाइटिस सी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद पीड़ित ने केंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया।