विधायक डॉ. नीरज बोरा के पत्र पर डीआरएम ने दी जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बख्शी का तालाब के खदरी में तथा चांदगंद से निरालानगर की रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इस बाबत जल्द ही सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा। अंडरपास बन जाने से लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी।
राजधानी के उत्तरी क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने इस बाबत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल को पत्र लिखे थे। इस पर बृहस्पतिवार को डीआरएम की ओर से विधायक को जवाब दिया गया है। विधायक डॉ. नीरज बोरा की पहल पर रेलवे और लोक निर्माण विभाग अंडरपास के लिए संयुक्त सर्वेक्षण करेगा। विधायक ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय का नवीन परिसर जानकीपुरम में है। छात्र-छात्राओं तथा जानकीपुरम क्षेत्रवासियों को सीतापुर रोड से आने-जाने पर काफी घूमकर आना पड़ता है। परिसर की बाउंड्री व राष्ट्रीय राजमार्ग सीतापुर रोड के मध्य केवल रेललाइन की पटरी है। खदरी के पास रेलवे अण्डरपास बनने से भिठौली क्रासिंग, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा और टेढ़ी पुलिया चौराहा पर यातायात का दबाव कम होगा। आबादी को राहत हो जाएगी। इसी क्रम में आईटी चौराहा से अलीगंज की ओर आने-जाने वालों का दबाव रहता है। ऐसे में निरालानगर से चांदगंज गार्डेन अलीगंज के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास से लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इन दो अण्डरपास के निर्माण के लिए सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव आदि को पत्र लिखे गए थे। इस मुद्दे को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बीती 13 अगस्त को भी उठाया गया था। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम गौरव अग्रवाल के निर्देश पर आगे की कार्रवाई हो रही है। लोक निर्माण विभाग और रेल प्रशासन द्वारा संयुक्त रुप से सर्वेक्षण का कार्य होने जा रहा है।
सेमी हाईस्पीड ट्रेन चलाने की मांग
डॉ. नीरज बोरा की ओर से लखनऊ से दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन मोहिबुल्लापुर, बख्शी का तालाब, सीतापुर के रास्ते करने की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर जानकीपुरम स्टेशन करने, लखनऊ से इंदौर तक अमृत भारत एवं लखनऊ से प्रयागराज तथा लखनऊ से काशी के रास्ते गया के लिए सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत चलाने की मांग भी की गई है।