लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के सामने रविवार देर रात तेज रफ्तार कार मेट्रो स्टेशन के पिलर से जा टकराई। इसकी चपेट में आकर राहगीर भी घायल हो गया। कार चालक इंदिरानगर के शेखपुर कसैला निवासी कौस्तुभ पांडेय को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया है।
चौकी इंचार्ज लविवि शिशिर के मुताबिक कौस्तुभ के पिता रवि प्रकाश प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं। रविवार रात दो बजे कौस्तुभ कार से हजरतगंज से आईटी चौराहे की ओर जा रहे थे। लविवि के सामने रफ्तार तेज होने से उनका कार से नियंत्रण खो गया और वह मेट्रो के पिलर से जा टकराई।
वहां से गुजर रहे हरदोई निवासी श्याम भी कार की चपेट में आ गए। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी चौकी इंचार्ज को दी तो वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज के मुताबिक घायलों की हालत सामान्य है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज होगी।