लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में जल्द ही बेड पर ही घायल का अल्ट्रासाउंड हो सकेगा। इसके लिए ट्रॉमा सर्जरी विभाग ने प्वाइंट ऑफ केयर अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रस्ताव भेजा है। वहीं, ट्रॉमा सर्जरी के वार्षिक सम्मेलन में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद ठीक हुए 12 वर्षीय बालक को मुख्य अतिथि बनाया गया।
ट्रॉमा सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप तिवारी ने शुक्रवार को ट्रॉमा सर्जरी के सम्मेलन में बताया कि घायल के शरीर में कई बार अंदरुनी चोटें आती हैं। ये अल्ट्रासाउंड में पता चलती हैं। घायल को जांच के लिए भेजने में समय बर्बाद होता है। इसे देखते हुए प्वाइंट ऑफ केयर अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे घायल की जांच बेड पर ही हो सकेगी। सम्मेलन के पहले दिन डॉक्टरों के साथ ही अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इस मौके पर प्रो. समीर मिश्रा, डॉ. यादवेंद्र धीर, डॉ. वैभव जायसवाल मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)