लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के इंडोर अस्पताल में शनिवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष का उद्घाटन किया गया। यहां नई तकनीक वाली जीई लॉजिक फोर्टिस अल्ट्रासाउंड मशीन भी लगाई गई है। इससे मरीजों को खासी राहत हो जाएगी।
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेशद्वार की ओर स्थित इंडोर अस्पताल में नई तकनीक की मशीन आने से रेलकर्मियों का इलाज और बेहतर हो सकेगा। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक डॉ. जगदीश चंद्र ने अल्ट्रासाउंड कक्ष व मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीआरएम सुनील कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संगीता सागर, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) विकास गोयल मौजूद रहे। नई अल्ट्रासाउंड मशीन के शुरू होने से मंडल चिकित्सालय में जांच सुविधाओं में और अधिक सटीकता व गति आएगी। यह मशीन उच्च रिजॉल्यूशन इमेजिंग क्षमता से युक्त है।