कैंडल मार्च निकालते मुस्लिम समाज के लोग।
लखनऊ। कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की उलमा और मुस्लिम संगठनों ने निंदा की। ऐशबाग ईदगाह स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अध्यक्षता में सामूहिक दुआ का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होकर मदरसों के छात्रों, उलमा और मुसलमानों ने शामिल होकर कश्मीर में अमन व शांति के साथ ही घटना में घायलों के स्वास्थ लाभ के लिए दुआएं मांगी।
मजलिसे उलमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना कल्बे जवाद नकवी ने कहा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए दुनिया को दोहरे मापदंड छोड़ने होंगे। ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के संरक्षक मौलाना मुफ्ती अबुल इरफान मियां फिरंगी महली ने कहा कि कोई भी सच्चा मुसलमान किसी निर्दोष व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि कहीं भी जुल्म हो खून बहाया जाए, हम उसका विरोध करते हैं। पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अनीस मंसूरी ने भी आतंकी वारदात इंसानियत पर हमला बताया।
एएमयू ओल्ड ब्वायज एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष एसएम शोएब और मानद सचिव शहला हक ने घटना में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दुआ की। ऑल इंडिया मस्लिम महिला पर्सनल लॉ बोर्ड की अध्यक्ष शाइस्ता अंबर ने सरकार से पर्यटकों की सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने की मांग की। पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद नफीस मंसूरी ने कहा कि जनता को निशाना बनाया जाना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।