विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) 28 दिसंबर को होगी। इस बार नेट की जिम्मेदारी यूजीसी ने सीबीएसई को सौंपी है। पहली बार नेट करवाने जा रहे सीबीएसई ने फीस नहीं जमा होने के कारण 1783 फॉर्म रिजेक्ट कर दिए हैं।
राजधानी में यूजीसी नेट का आयोजन करवा रहे लखनऊ विश्वविद्यालय ने ऐसे अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर अपलोड कर दी है। अभ्यर्थी यह सूची देख लें अगर वे इसमें शामिल नहीं हैं तो उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा।
यूजीसी नेट के समन्वयक प्रो. एसपी त्रिवेदी ने बताया कि स्टूडेंट्स की सहूलियत के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इस पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक स्टूडेंट बात कर सकते हैं। उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
28 दिसंबर रविवार को आयोजित होने वाली यूजीसी नेट की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 27 परीक्षा केन्द्रों पर 22,223 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रो. एसपी त्रिवेदी ने बताया कि यूजीसी नेट में शामिल हो रहे अभ्यर्थी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर रोल नंबर व परीक्षा केंद्र के अनुसार अपलोड की गई सूची देख लें।
छात्रों को किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। 08081253276 व 08948265022 इन दोनों हेल्पलाइन नंबरों पर आप जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।