राजाजीपुरम। सआदतगंज के अंबरगंज इलाके में मंगलवार रात मोबाइल और नकदी चोरी करने के आरोप में बिल्डर व उसके भाई ने दो युवकों को निर्वस्त्र कर डंडे और बेल्ट से पिटाई की। वृहस्पतिवार रात घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
अंबरगंज चौकी प्रभारी ने बताया कि कुलदीप गुप्ता का अंबरगंज में एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दो चोर बिल्डिंग में घुस आए। वह श्रमिक का मोबाइल और राजमिस्त्री के 10 हजार रुपये चोरी कर भाग रहे थे। आहट मिलने पर मजदूरों ने चोरों को दौड़ कर पकड़ लिया। कुलदीप और उनके परिचित चोरों को ठाकुरगंज की बालागंज चौकी ले गए। कार्रवाई ने होने पर वह युवकों को वापस बिल्डिंग में ले गया और निर्वस्त्र कर डंडे से उनकी पिटाई की। वीडियो में पिटाई के दौरान युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया मारपीट करने के मुख्य आरोपी शुभम गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।