लखनऊ। विकासनगर में सवारी बनकर बैठे दो युवकों ने गुडंबा सेक्टर-जे निवासी ऑटो चालक का मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ विकासनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से सीतापुर के जंगू झिसनी निवासी ऑटो चालक राम सहारे के मुताबिक, 10 जनवरी को रात करीब 10 बजे मुंशी पुलिया से दो लोग ऑटो में सवार हुए थे। विकासनगर पहुंचने पर रास्ते में उनमें से एक युवक ने अस्पताल में भर्ती मां का हालचाल लेने के लिए उनका मोबाइल मांगा। मोबाइल से युवक बात करते हुए अचानक रोने लगा। कारण पूछने पर उसने मां की मृत्यु होने की बात कही। जगरानी अस्पताल के पास उन्होंने दिलासा देने के लिए ऑटो धीमी की तो दोनों युवक उनका मोबाइल लेकर भाग निकले। चालक ने दोनों का काफी दूर तक पीछा किया, मगर वे पकड़ में न आ सके। थानाध्यक्ष आलोक सिंह के मुताबिक पीड़ित ने ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्हें बयान के लिए बुलाया गया है। (संवाद)