बख्शी का तालाब। सीतापुर से लखनऊ जा रही पैसेंजर ट्रेन के गेट पर लटक कर रील बना रहे दो युवक अचानक गिर पड़े। दोनों को गंभीर हालत में पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों मजदूरी करने लखनऊ जा रहे थे।
इटौंजा के अहमदपुर निवासी सुमित (26) और सीतापुर के अटरिया मनवा गांव निवासी मो. आमिर (45) पेशे से मजदूर हैं। शनिवार सुबह वह लोग सीतापुर-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन से लखनऊ मजदूरी करने के लिए आ रहे थे। सुमित के साथ कोच में उनका भाई अभिषेक भी मौजूद थे। सुमित और आमिर गेट का हैंडल पकड़ कर लटक कर रील बना रहे थे। अचानक हैंडल से दोनों का हाथ फिसल गया और दोनों पटरी पर जा गिरे। दोनों युवकों के गिरते ही कोच में हड़कंप मच गया। किसी तरह लोगों ने ट्रेन रुकवाई। सुमित के भाई अभिषेक ने पुलिस कंट्रोल रूम को मदद के लिए सूचना दी। सुमित व आमिर के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट लगी। इंस्पेक्टर बख्शी का तालाब संजय सिंह ने बताया कि दोनों को गंभीर हालत में राम सागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद से उनको ट्रामा रेफर कर दिया गया।