गोमतीनगर के लोहिया चौराहा पर मंगलवार रात करीब दस बजे दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। छात्र काफी तेज गति से बाइक चला रहे थे। लोहिया चौराहा पर बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और दोनों छात्र बाइक समेत उछलकर पेड़ में जा घुसे।
सिर पर गहरी चोट से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर आई यूपी 100 सेवा की पीआरवी के सब कमांडर स्वतंत्र कुमार सिंह और पायलट राजेश कुमार ने घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंचे घरवालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया।
विभूतिखंड थाना के एसएसआई वियन सिंह ने बताया कि मृतक 21 वर्षीय इंटर का छात्र सोनू व मुकेश 20 साल का है। सोनू के बड़े भाई रवि और अन्य परिवारीजनों ने इलाके में ही रहने वाले अशोक, राजाराम कुंदन व सूरज पर कार से टक्कर मारकर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
चारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना था कि चारों से सोनू का करीब एक साल से झगड़ा चल रहा था। दोनों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी थी। सोनू के परिवारीजनों ने गोमतीनगर थाना में दबंगों के खिलाफ तीन मुकदमे भी दर्ज कराए लेकिन पुलिस ने जरा भी कार्रवाई नहीं की। दबंग अक्सर जानमाल की धमकी देते थे।