डॉ. चंद्रमोहन।
- फोटो : amar ujala
भाजपा के प्रदेश संगठन में जल्द आंशिक बदलाव होगा। कुछ पदाधिकारी पदोन्नत किए जाएंगे वहीं कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। पार्टी में जल्द ही दो प्रदेश उपाध्यक्ष, एक प्रदेश महामंत्री, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष और ओबीसी मोर्चा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। प्रदेश पदाधिकारी की दौड़ में कई पूर्व मंत्री और विधायक भी दावेदार है।
प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष भी है। सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर पार्टी में प्रदेश महामंत्री है और परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष है। पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप पार्टी में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पंचातीराज मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। चौधरी ने साफ भी कर दिया है कि पार्टी में एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत का पालन कराया जाएगा। लिहाजा अरविंद शर्मा, जेपीेस राठौर, दयाशंकर सिंह और नरेंद्र कश्यप को पार्टी का पद छोड़ना पड़ेगा। उपाध्यक्ष के दो, प्रदेश महामंत्री का एक और ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पद का खाली हो जाएगा। नगरीय निकाय चुनाव के चलते पार्टी इन खाली पदों पर तुरंत ही नई नियुक्यिां भी करेगी।
प्रदेश महामंत्री पद की दौड़ में प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन प्रमुख दावेदार है। संघ पृष्ठभूमि के साथ पार्टी में विभिन्न पदों पर रहने के नाते उनकी मजबूत दावेदारी है। वहीं विधानसभा चुनाव हारे पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा भी प्रदेश महामंत्री की दौड़ में है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पंकज सिंह और संतोष सिंह भी पदोन्नति कराकर प्रदेश महामंत्री बनना चाहते है। प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज भी प्रदेश महामंत्री पद की दौड़ में है।
प्रदेश उपाध्यक्ष पद की दौड़ में पूर्व जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के करीबी प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी, ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा के करीबी प्रदेश मंत्री संजय राय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, पूर्व मंत्री राघवेंद्र सिंह धुन्नी भी दावेदार हैं। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान पार्टी में पिछड़े वर्ग के किसी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष या विधायक को सौंपी जा सकती है। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा के निधन से क्षेत्रीय अध्यक्ष का पद भी खाली हुआ है। अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद भी जल्द नियुक्ति की जाएगी।