लखनऊ। वक्फ संशोधन बिल के विरोध में प्रदर्शन के एलान पर पुलिस ने दो सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी सुमैय्या राना को बृहस्पतिवार देर रात व सपा की राष्ट्रीय महिला कोषाध्यक्ष वंदना चतुर्वेदी पर शुक्रवार को कार्रवाई की गई।
कैसरबाग के एफआई अपार्टमेंट में सुमैय्या राना का फ्लैट है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात अचानक पुलिस फ्लैट पर पहुंची और उनके घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी। सुमैय्या ने वक्फ संशोधन बिल के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन का एलान किया था। एडीसीपी मध्य मनीष सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिहाजा से सुमैय्या राना को हाउस अरेस्ट किया गया है। सुमैय्या राना ने हाउस अरेस्ट को लेकर फेसबुक पर भी पोस्ट किया है।
उधर, वंदना चतुर्वेदी का आरोप है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे पुलिसकर्मी बिना सूचना के अचानक उनके नरपत खेड़ा पारा स्थित आवास पर आ गए। फिर उन्हें पूरे दिन बाहर नहीं निकलने गया। वंदना ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का भी आरोप लगाया।