हिमांशी यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार। बहन आरती के साथ चौकी के आगे की सड़क पर लगाया था जाम।
लखनऊ। पारा के हंसखेड़ा की गायत्रीपुरम कॉलोनी में सोमवार दोपहर नए मकान पर बिजली कनेक्शन जोड़ने पहुंचे कर्मचारियों को महिला हिमांशी यादव और उसकी बहन आरती ने ईंट-पत्थर लेकर दौड़ा लिया। आरोप है कि दोनों पहले से लगे खंभे से कनेक्शन देने के लिए व्यापारी से 80 हजार रुपये मांग रही थीं। घबराए बिजलीकर्मी बिना काम किए लौट गए। इसके बाद दोनों बहनों ने चौकी पर हंगामा किया। पुलिस ने हिमांशी को गिरफ्तार कर लिया है।
गायत्रीपुरम निवासी व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री हिमांशु कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 19 नवंबर को कनेक्शन के लिए आवेदन करते हुए एस्टीमेट भी जमा कर दिया था। सोमवार दोपहर कनेक्शन जोड़ने पहुंचे कर्मचारियों को हिमांशी व आरती ने काम करने से रोककर धमकाया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी नोकझोंक की।
आरोप है कि दोनों ने झूठे मुकदमों व छेड़खानी में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद महिलाएं हंसखेड़ा चौकी पहुंचीं और पुलिसकर्मियों से बहस करने के बाद चौकी के सामने मुख्य सड़क पर स्कूटी खड़ी कर जाम लगाकर बैठ गईं। करीब दो घंटे तक हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस उन्हें पारा थाने ले गई। यहां हिमांशी ने पति विनोद यादव व देवर आनंद यादव के साथ मिलकर फिर हंगामा किया। महिला पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार हिमांशी को गिरफ्तार कर उसके पति और देवर का शांति भंग में चालान किया गया है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पारा थाने के प्रभारी सुरेश सिंह का कहना है कि हिमांशी 10 अक्तूबर को हंसखेड़ा निवासी अंकिता दुबे से सोने की चेन छीनने के मामले में भी आरोपी है। उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे हैं।