घटना के बाद मौजूद दुकानदार व मौके पर पड़ा जला हुआ सामान।
मलिहाबाद। रहीमाबाद इलाके में रविवार तड़के कपड़े व खाद की दुकान में आग लग गई। दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। दुकानदारों का कहना है कि बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।
सुरेश कुमार की रहीमाबाद चौराहे के निकट गहदो मार्ग स्थित फतेहपुर बलदेव खेड़ा मार्केट में मां लक्ष्मी वस्त्रालय एवं रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। दुकान के बाहर बिजली का मीटर लगा हुआ है। रविवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे उक्त मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उनके बगल स्थित लोधी खाद भंडार को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान से धुआं निकलता देखा वहां से गुजर रहे दुकानदार अनमोल ने शोर मचा दिया। शोर सुन आसपास के लोग मदद के लिए एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का काम शुरू किया। थोड़ी ही देर में दमकल की एक गाड़ी भी पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दुकानदार सुरेश कुमार ने बताया कि आग से उनका 18 लाख का नुकसान हुआ है। खाद दुकानदार कन्हैया लाल के मुताबिक आग से टेलीविजन, खाद, बीज, दवा छिड़काव की मशीन, स्टॉक रजिस्टर सब मिलकर सात लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।
घटना के बाद मौजूद दुकानदार व मौके पर पड़ा जला हुआ सामान।
घटना के बाद मौजूद दुकानदार व मौके पर पड़ा जला हुआ सामान।