लखनऊ। ऑनलाइन टास्क के नाम पर साइबर जालसाजों ने दो लोगों से 11.67 लाख रुपये ठग लिए। गोमतीनगर के खरगापुर निवासी अंजली के अनुसार 12 मार्च को उनके व्हाट्सएप पर आए लिंक को उनके भाई ने खोला। उसमें घर बैठे ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर कमाई की बात लिखी थी। अंजली के भाई ने अपना प्रोफाइल बनाया। फिर उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। जालसाजों ने उससे कई बार में 7.54 लाख रुपये ठग लिए। इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना बृजेश यादव ने बताया कि अंजली यादव की तहरीर पर 22 अप्रैल को धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धारा में केस दर्ज किया गया है।
पीजीआई क्षेत्र में एल्डिको सौभाग्यम निवासी ममता बांदिल के पास बुधवार को अनजान नंबर से कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया और केवाईसी अपडेट का झांसा देकर खाते से 4.13 लाख रुपये निकाल लिए। रुपये कटने का मेसेज आने पर ममता को ठगी का अहसास हुआ। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आईटी एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।