यूपी सरकार प्रयागराज में सरकारी देशी शराब की दुकानों में अवैध शराब की बिक्री पर कड़ा एक्शन लेते हुए प्रयागराज के जिला आबकारी अधिकारी व निरीक्षक के साथ एक कॉन्सटेबल को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, संभल के जिला विकास अधिकारी को भी लापरवाही व स्वेच्छाचारिता के आरोप में निलंबित किया गया है। बता दें कि प्रयागराज के फूलपुर में सरकारी देशी शराब की दुकान से खरीदी गई मिलावटी शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई थी जिस पर सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुशासनहीनता और कामकाज में मनमानी करने पर सम्भल के जिला विकास अधिकारी रामसेवक को निलंबित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के जिला विकास अधिकारी, रामसेवक को निलंबित करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी है।
रामसेवक पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, आईजीआरएस तहत आख्या प्रेषित न करने, अधीनस्थों से अभद्रता करने और बगैर समुचित अनुमति के जिला मुख्यालय से बाहर जाने सहित अन्य आरोप है।
जिला विकास अधिकारी के खिलाफ जांच में उन पर लगे आरोपों पर जवाब मांगा गया लेकिन रामसेवक ने जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं पूर्व की तैनाती के दौरान भी रामसेवक पर मनमानी करने के तमाम मामले सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया है। उनके खिलाफ विस्तृत जांच जांच के लिए बरेली के संयुक्त विकास आयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।