लखनऊ। जानकीपुरम के सेक्टर-तीन व छह में डायरिया के दो नए मरीज मंगलवार को मिले। इनमें से एक को हालत गंभीर होने पर बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। उधर, राहत की बात यह है कि सेक्टर-सात में डायरिया का कोई नया मरीज नहीं मिला।
जानकीपुरम सेक्टर सात निवासी डायरिया पीड़ित की जान जा चुकी है। इसके अलावा 100 से अधिक लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। सेक्टर-सात में लगे शिविर में नौ लोग मंगलवार को पहुंचे। इनमें से डायरिया का नया मरीज नहीं मिला।
उधर, डायरिया की चपेट में आने पर जानकीपुरम सेक्टर-छह की सीमा (48) को जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें बलरामपुर अस्पताल रेफर किया गया। सेक्टर-तीन निवासी आदिल (20) जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 74 घरों का सर्वे किया, लेकिन नया रोगी नहीं मिला। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि सेक्टर सात में हालात काबू में हैं।