प्रेसवार्ता करतीं कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद।
लखनऊ। केजीएमयू में मरीजों को सस्ती दवा मुहैया कराने के लिए परिसर में दो नए एचआरएफ काउंटर शुरू होंगे। इसमें मरीजों को 60 से 70 प्रतिशत कम कीमत पर दवाएं मिल सकेंगी। यह जानकारी मंगलवार को कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने दी। वह ब्राउन हॉल में प्रेस वार्ता कर रही थीं।
कुलपति ने बताया कि 14 अगस्त को दो नए एचआरएफ के स्टोर खोले जाएंगे। ये स्टोर ऑर्थोपेडिक के सुपर स्पेशयलिटी बिल्डिंग और नेत्र रोग विभाग में खुलेंगे। नेत्र रोग विभाग में खुलने वाले स्टोर में लेंस व डेंटल के इंप्लांट समेत दवाएं सस्ती दर पर मिलेंगी। कुलपति ने बताया कि नैक में सर्वोच्च ए डबल प्लस रैंक मिलने के बाद केजीएमयू को और बड़े मुकाम पर ले जाना है। सात महीने में नैक के 19 मानकों को पूरा किया है। पीजीआई से ज्यादा अंक मिले हैं। अब एनएबीएच एक्रेडिशन हासिल करना है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आवेदन किया जाएगा।