विवेक तिवारी हत्याकांड में आरोपी सिपाहियों के पक्ष में आवाज उठाने वाले दो और सिपाहियों पर रविवार को गाज गिरी। गाजीपुर में बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों में सादाब और केशव पांडेय को निलंबित कर दिया गया, जबकि 11 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
आपको बता दें कि यह चौथा दिन है जब सिपाहियों पर आरोपियों के समर्थन में आवाज उठाने पर कार्रवाई हुई है। मामले में अब तक आठ सिपाहियों को निलंबित किया जा चुका है। इसके पहले शनिवार को लखनऊ हजरतगंज कोतवाली में तैनात बृजेश तोमर व बरेली में तैनात नीरज माथुर को निलंबित किया गया था।
इस पर सफाई देते हुए डीजीपी के प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में जो भी प्रकरण सामने आए, उनकी जांच के आदेश दिए गए हैं। ऐसे अन्य सिपाहियों की भी शिनाख्त की जा रही है जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर इस प्रकरण में सिपाहियों को उकसाने की कोशिश कर रहे थे। लखनऊ के तीन सिपाहियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। शिथिल पर्यवेक्षण के लिए संबंधित तीन थाना प्रभारियों को भी हटाया जा चुका है।
गौरतलब है कि 28-29 सितंबर की रात लखनऊ के गोमती नगर में एपल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद आरोपी सिपाहियों के समर्थन करने वाले सिपाहियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।