राजधानी में अंसल कंपनी पर ठगी की दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। पीड़ितों से फ्लैट के नाम पर 15 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को अंसल कंपनी के खिलाफ ठगी की दो और एफआईआर दर्ज हुई हैं। दोनों पीड़ितों से फ्लैट के नाम पर 15 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। केस सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
गोरखपुर के अलहदादपुर निवासी यतींद्र गौरव ने 2010 में अंसल कंपनी की सुशांत गोल्फ सिटी परियोजना में दो बीएचके फ्लैट 18.88 लाख में बुक कराया था। सात लाख रुपये किस्तों में जमा किए थे। इसके बाद भी उन्हें न तो फ्लैट का अलॉटमेंट हुआ और न रकम वापस मिली।
वहीं राजाजीपुरम ई-ब्लॉक के रहने वाले विजय शंकर गुप्ता से भी फ्लैट के नाम पर आठ लाख 19 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि मामले की तफ्तीश चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।